यमुनोत्री धाम–गंगोत्री धाम यात्रा सुचारु,
डीएम ने अधिकारियों को किया अलर्ट ।
उत्तरकाशी
उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री और गंगोत्री धाम की यात्रा आस्था और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के बीच लगातार जारी है। अब तक 2 लाख 12 हजार से अधिक श्रद्धालु दोनों धामों में दर्शन कर चुके हैं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने वीसी के माध्यम से यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को खराब मौसम की संभावना को देखते हुए अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कंट्रोल रूम को प्राप्त 32 शिकायतों में से 28 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि शेष पर तेजी से कार्रवाई जारी है। डीएम ने निर्देश दिए कि यात्रियों से जुड़ी हर शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
साफ-सफाई की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने जिला पंचायत को नोटिस जारी करने और जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कूड़ा निस्तारण के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने को कहा।
यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत गंगोत्री मार्ग के संवेदनशील क्षेत्रों में रिफ्लेक्टर लगाने, शौचालयों की नियमित सफाई और साइन बोर्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन द्वारा भीड़ प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।