चमोली।
कर्णप्रयाग संगम में युवक ने लगाई छलांग, पुलिस के रेस्क्यू के बाद भी नहीं बची जान
अलकनंदा और पिंडर नदी के संगम स्थल एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुऐ स्थानीय लोगों की मदद से युवक को नदी से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल बिनोद थपलियाल पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को बेहोशी की हालत में पानी से बाहर निकाल लिया। युवक की जान बचाने के लिए पुलिस कर्मियों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुऐ मौके पर ही उसे सीपीआर दिया और मुंह से ऑक्सीजन देकर सांसें लौटाने का भरसक प्रयास किया गया। इसके बाद उसे एम्बुलेंस के जरिए तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित
कर दिया।
कोतवाल बिनोद थपलियाल ने बताया कि मृतक की शिनाख्त भोपाल नेगी (27 वर्ष) पुत्र गुमान सिंह के रूप में हुई है। यह नारायणबगड़ ब्लाक के खैनोली गांव का निवासी था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि युवक ने यह आत्मघाती कदम किन कारणों से उठाया। घटना के बाद से मृतक के गांव और क्षेत्र में शोक की लहर है।