देहरादून
पदभार संभालते ही एक्शन में दिखे डीएम डॉ. आशीष चौहान, जन समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
जनता को राहत देने के लिए बनेगा ऑनलाइन शिकायत समाधान तंत्र, 115 शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
देहरादून के नवनियुक्त जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद ही जनता से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए सक्रियता दिखाई। सोमवार को क्लेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में पहुंचकर उन्होंने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
डीएम डॉ. चौहान ने कहा कि आम नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए जिला स्तर पर ऑनलाइन शिकायत ट्रैकिंग एवं समाधान तंत्र विकसित किया जाएगा। इस प्रणाली के माध्यम से शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग होगी और पारदर्शिता के साथ उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। 115 शिकायतें पहुंचीं जनता मिलन कार्यक्रम में
जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 115 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें सबसे अधिक मामले भूमि विवाद से जुड़े रहे। इसके अलावा ऋण माफी, आर्थिक सहायता, बाढ़ सुरक्षा दीवार निर्माण, क्षतिग्रस्त पुलिया, पैदल मार्ग और रास्तों से संबंधित समस्याएं भी सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।बाढ़ सुरक्षा दीवार निर्माण के निर्देश।रानीपोखरी ग्रांट क्षेत्र के आठ परिवारों ने मानसून के दौरान बाढ़ के खतरे को देखते हुए सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम डोईवाला को सिंचाई विभाग के साथ संयुक्त सर्वेक्षण कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।बुलडोजर चलाकर सीमांकन मिटाने का मामला।तुनवाला निवासी मंजू बिष्ट ने शिकायत दर्ज कराई कि कुछ लोगों ने उनकी निजी भूमि पर कब्जा करने की नीयत से तारबाड़ तोड़ दी और बुलडोजर चलाकर भूमि सीमांकन को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने निष्पक्ष जांच, पुनः सीमांकन और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने एसडीएम सदर को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।वहीं विकासनगर तहसील में वर्ष 2008 से लंबित भूमि विवाद के मामले में भी जिलाधिकारी ने शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।चकराता क्षेत्र की समस्याओं पर भी गंभीरता
चकराता ब्लॉक के ग्राम झिटाड़ में क्षतिग्रस्त पुलिया एवं कठंग नहर की मरम्मत संबंधी शिकायत पर डीएम ने जिला विकास अधिकारी को स्थलीय जांच कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।आर्थिक संकट में फंसे युवक ने लगाई ऋण माफी की गुहार।
सहसपुर निवासी मोहन कश्यप ने जनता मिलन कार्यक्रम में पहुंचकर अपने मकान की नीलामी रुकवाने और ऋण माफी की मांग की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में उन्होंने आवास फाइनेंसियर्स लिमिटेड से 40 लाख रुपये का ऋण लिया था और वर्ष 2025 तक किस्तें नियमित रूप से जमा कीं। लेकिन माताजी के इलाज, निधन, बहनों की शादी और व्यापार में नुकसान के चलते आर्थिक स्थिति खराब हो गई। इस बीच कंपनी ने मकान नीलामी का विज्ञापन प्रकाशित कर दिया है। मामले में डीएम ने लीड बैंक अधिकारी को जांच के निर्देश दिए।छात्राओं ने मांगी आर्थिक सहायता डालनवाला निवासी सपना ने नर्सिंग शिक्षा जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता की मांग रखी, जबकि टीएचडीसी कॉलोनी निवासी अर्ष ने बीएससी नर्सिंग प्रवेश के लिए ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र बनाए जाने की गुहार लगाई।जर्जर मकान में रह रहे बुजुर्ग की समस्या पर निर्देश।जनता मिलन कार्यक्रम में जर्जर मकान में रह रहे बुजुर्ग प्रेम सिंह की समस्या भी सामने आई। जिलाधिकारी ने नगर निगम को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा रामपुर कलां में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत पर एसडीएम सदर को जांच कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, एसडीएम स्मृता परमार, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।