टीएचडीसीआईएल के 39वें स्थापना दिवस पर विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना में आयोजित भव्य कार्यक्रम
पीपलकोटी, /चमोली
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (टीएचडीसीआईएल) का 39वाँ स्थापना दिवस विष्णुगाड़ पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (वीपीएचईपी) में उत्साह, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से निगम की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों तथा राष्ट्र के ऊर्जा क्षेत्र में उसके महत्वपूर्ण योगदान को स्मरण किया गया।

स्थापना दिवस समारोह का शुभारंभ 12 जुलाई, 2026 को वीपीएचईपी के अलकनंदापुरम परिसर में आयोजित ध्वजारोहण समारोह से हुआ, जिसमें कार्यपालक निदेशक (वीपीएचईपी) श्री अजय वर्मा ने टीएचडीसीआईएल का संगठनात्मक ध्वज फहराया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
13 जुलाई, 2026 को आयोजित मुख्य समारोह में टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री सिपन कुमार गर्ग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में स्थित निगम की सभी इकाइयों के कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह अवसर निगम की उपलब्धियों, समर्पण एवं सामूहिक प्रयासों का उत्सव है। उन्होंने गत एक वर्ष के दौरान जलविद्युत, तापीय, सौर एवं पम्प्ड स्टोरेज परियोजनाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में निगम द्वारा अर्जित महत्वपूर्ण उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सभी कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।

अपने संबोधन में प्रबंध निदेशक ने विशेष रूप से 444 मेगावाट विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना द्वारा गत एक वर्ष में प्राप्त उल्लेखनीय प्रगति की प्रशंसा की। उन्होंने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद परियोजना टीम द्वारा विभिन्न सिविल एवं विद्युत-यांत्रिक कार्यों में हासिल महत्वपूर्ण उपलब्धियों को निगम के लिए गर्व का विषय बताते हुए वीपीएचईपी के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (वीपीएचईपी) श्री अजय वर्मा ने परियोजना परिवार को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक द्वारा वीपीएचईपी टीम के प्रयासों की सराहना किए जाने पर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1988 में स्थापित टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड आज देश के अग्रणी केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है तथा स्वच्छ, हरित एवं सतत ऊर्जा उत्पादन के माध्यम से भारत की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

वर्मा ने कहा कि विष्णुगाड़ पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना द्वारा प्राप्त उल्लेखनीय प्रगति परियोजना से जुड़े प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी, संविदाकार, परामर्शदाताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासन एवं क्षेत्रीय समुदाय के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी हितधारकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सभी के निरंतर सहयोग, समर्पण एवं टीम भावना के बल पर परियोजना निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप तेजी से आगे बढ़ रही है तथा समयबद्ध रूप से राष्ट्र को समर्पित किए जाने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।
समारोह का आकर्षण उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध संगीत समूह ‘देवभूमि रिदम्स’ रहा। दीपक मैठाणी के नेतृत्व में कलाकारों ने गढ़वाली, कुमाऊँनी, जौनसारी, सूफी एवं बॉलीवुड गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने स्थापना दिवस समारोह को यादगार बना दिया तथा उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की मनोहारी झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, ऊर्जा आत्मनिर्भरता एवं सतत विकास के प्रति टीएचडीसीआईएल की प्रतिबद्धता को पुनः दोहराते हुए तथा निगम को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।