मानसिक रूप से अस्वस्थ मरीज इलाज से बचने के लिए छत पर चढ़ा, सुरक्षाकर्मियों और तीमारदार की सूझबूझ से बची जान

खबर शेयर करें

एम्स ऋषिकेश में बड़ा हादसा टला छत से कूदने जा रहे युवक को तीमारदार ने बचाया

मानसिक रूप से अस्वस्थ मरीज इलाज से बचने के लिए छत पर चढ़ा, सुरक्षाकर्मियों और तीमारदार की सूझबूझ से बची जान

ऋषिकेश।

उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। सुबह करीब 11 बजे एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक अस्पताल के मनोरोग विभाग की छठी मंजिल की छत पर चढ़ गया और वहां से छलांग लगाने की कोशिश करने लगा। इस घटना से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौजूद मरीजों व तीमारदारों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, युवक को इलाज के लिए एम्स लाया गया था, लेकिन वह इलाज कराने को तैयार नहीं था। इसी दौरान जब उसका तीमारदार ओपीडी में पर्ची बनवाने गया, तो युवक अचानक परिजनों से हाथ छुड़ाकर भाग निकला और छठी मंजिल तक पहुंच गया। वहां उसने गेट की कुंडी तोड़कर छत पर चढ़ते हुए जान देने की कोशिश की।
मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत स्थिति संभाली और युवक को बातों में उलझाकर शांत करने की कोशिश की। इसी बीच, एक अन्य मरीज के तीमारदार ने बहादुरी दिखाते हुए चुपके से छत पर पहुंचकर युवक को पीछे से पकड़ लिया और सुरक्षित खींच लिया। बाद में सुरक्षाकर्मी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
एम्स के जनसंपर्क अधिकारी श्रीलोय मोहंती के अनुसार, युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और इलाज कराने से इनकार कर रहा था। फिलहाल युवक सुरक्षित है और सुरक्षा अधिकारी उसके परिजनों से पूछताछ कर रहे हैं।
इस पूरी घटना के दौरान अस्पताल में मौजूद मरीज, तीमारदार और चिकित्साकर्मी काफी देर तक दहशत में रहे, लेकिन समय रहते सूझबूझ से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *