त्रिवेणी घाट गंगानी में गूंजा आस्था और स्वच्छता का संदेश
बड़कोट।
त्रिवेणी घाट गंगानी, बड़कोट में जिला उत्तरकाशी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी तारा दत्त सेमवाल स्मृति मेला एवं महोत्सव का धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण में भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर रेणुका कुंड से भद्रकाली मैया की पावन पालकी के पहुंचने से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
महोत्सव की शुरुआत प्रातःकाल अखंड रामायण पाठ से हुई। सुबह 10 बजे रामायण पाठ प्रारंभ होने के बाद यज्ञ-हवन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। इसके पश्चात विधिवत रूप से मेले एवं महोत्सव का शुभारंभ किया गया।
महोत्सव में धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की संस्कृति और स्थानीय उत्पादों की भी विशेष झलक देखने को मिली। क्षेत्रीय स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित विभिन्न स्थानीय सामग्रियों की प्रदर्शनी एवं बिक्री लगाई गई, जिसमें बाहर से आए यात्रियों और स्थानीय लोगों ने जमकर खरीदारी की।
इस अवसर पर बाहर से आए यात्रियों, महादेव सेवा एवं अनमोल ग्राम स्वराज संस्थान के स्वयंसेवकों ने स्वच्छता का संकल्प लेते हुए यमुना सफाई अभियान का शुभारंभ किया। स्वयंसेवकों ने लोगों को यमुना नदी की स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया।
महोत्सव के दौरान समाज एवं क्षेत्र के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। भद्रकाली मंदिर समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह भंडारी को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। वहीं आदर्श अध्यापक विजेंद्र दत्त डिमरी को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रतिभा सम्मान-2025 से नवाजा गया।
कार्यक्रम में शिव शक्ति सेवा समिति के अध्यक्ष सुनील शर्मा, अनमोल ग्राम स्वराज संस्थान के सचिव राजेंद्र सेमवाल, भगवान सिंह सेमवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज सेमवाल, राजन कनौजिया, दिव्यांशु डिमरी, अक्षत सेमवाल, रमेश कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृतियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। साथ ही स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को मंच मिलने से स्थानीय महिलाओं के स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिल रहा है।