विशेष विधानसभा सत्र से पहले पुलिस अलर्ट
देहरादून में जवानों को सुरक्षा व्यवस्था का दिया गया कड़ा ब्रीफिंग
देहरादून।
उत्तराखंड विधानसभा के 28 अप्रैल को होने वाले विशेष सत्र को लेकर देहरादून पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। विशेष सत्र के दौरान त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने पुलिस लाइन देहरादून में ड्यूटी में नियुक्त पुलिस बल को विस्तृत ब्रीफिंग दी।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कर्मी निर्धारित समय पर अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचें तथा ड्यूटी संबंधी सभी जानकारी पहले से सुनिश्चित कर लें। ड्यूटी के दौरान संयमित आचरण रखें, अनावश्यक टिप्पणी से बचें और किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल अपने प्रभारी अधिकारी को सूचित करें।
विधानसभा गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों को आने वाले व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। किसी भी व्यक्ति को ज्वलनशील या संदिग्ध वस्तु लेकर अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। केवल अधिकृत पासधारकों और उनके वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
रूट ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को विधानसभा तिराहे से डिफेंस कॉलोनी बैरियर तक सड़क पर किसी भी वाहन को खड़ा न होने देने के निर्देश दिए गए। वहीं बैरियर ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को जुलूस, धरना-प्रदर्शन के दौरान सतर्क रहते हुए किसी भी अराजक तत्व को विधानसभा के निकट न पहुंचने देने को कहा गया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी अधीनस्थों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने, किसी भी घटना की तत्काल वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी सुनिश्चित करने तथा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी में लापरवाही या व्यवहार को लेकर किसी भी शिकायत पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।