डायट गौचर चमोली के शैक्षिक दल ने किया बागेश्वर जनपद के विद्यालयों एवं संस्थानों का शैक्षिक अनुश्रवण

खबर शेयर करें

चमोली 
डायट गौचर चमोली के शैक्षिक दल ने किया बागेश्वर जनपद के विद्यालयों एवं संस्थानों का शैक्षिक अनुश्रवण

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) चमोली, गौचर से 44 सदस्यीय शैक्षिक भ्रमण दल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली आकाश सारस्वत के नेतृत्व में जनपद बागेश्वर के विभिन्न विद्यालयों एवं शैक्षिक संस्थानों का दो दिवसीय शैक्षिक अनुश्रवण एवं अध्ययन भ्रमण किया।
इस भ्रमण का उद्देश्य जनपद बागेश्वर में संचालित उत्कृष्ट शैक्षिक गतिविधियों, नवाचारों, विद्यालय प्रबंधन, छात्र संख्या वृद्धि, पुस्तकालय विकास, तकनीकी शिक्षा तथा छात्र-केंद्रित शिक्षण प्रक्रियाओं का अध्ययन करना था, ताकि इन नवाचारों को भविष्य में जनपद चमोली में भी लागू किया जा सके।


भ्रमण दल प्रातः लगभग 2:30 बजे डायट गौचर से रवाना हुआ और सबसे पहले पीएमश्री राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय कपकोट पहुँचा। विद्यालय की प्रार्थना सभा में दल के सदस्यों ने सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। विद्यालय में बच्चों की अनुशासनप्रियता, आत्मविश्वास, प्रस्तुतीकरण क्षमता एवं शिक्षकों की सक्रियता ने भ्रमण दल को विशेष रूप से प्रभावित किया।
विद्यालय में किए जा रहे विभिन्न शैक्षिक नवाचारों, गतिविधि आधारित शिक्षण, पुस्तकालय उपयोग, कला एवं खेल गतिविधियों तथा समुदाय सहभागिता के प्रयासों की जानकारी शिक्षकों द्वारा विस्तार से दी गई। भ्रमण दल ने विद्यालय की सभी कक्षाओं का अनुश्रवण कर शिक्षण प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा बच्चों एवं शिक्षकों के साथ संवाद भी स्थापित किया।
‌विद्यालय की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि छात्र संख्या में हुई अभूतपूर्व वृद्धि रही। वर्ष 2016 में जहाँ विद्यालय में मात्र 38 छात्र अध्ययनरत थे, वहीं वर्तमान में विद्यालय की छात्र संख्या बढ़कर 325 पहुँच चुकी है। भ्रमण दल ने इसे विद्यालय प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं समुदाय के विश्वास का परिणाम बताया। भ्रमण दल ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय उतरौड़ा एवं राजकीय जूनियर हाईस्कूल पनौरागूंठ का अनुश्रवण किया। उन्होंने पाया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में हॉस्टल वार्डन सरस्वती कोरंगा के नेतृत्व में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित आवासीय वातावरण तथा विविध सह-शैक्षिक गतिविधियाँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। विद्यालय में आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग की वे छात्राएँ अध्ययनरत हैं, जो सामान्य परिस्थितियों में विद्यालयी शिक्षा से वंचित रह जातीं।
वहीं राजकीय जूनियर हाईस्कूल पनौरागूंठ में प्रधानाचार्य दयाल चंद्र जोशी के नेतृत्व में विद्यालय निरंतर प्रगति कर रहा है तथा विभिन्न राज्य एवं जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। भ्रमण दल ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन एवं नवाचारी प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा एक संक्षिप्त सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सभी सदस्यों को प्रभावित किया।
द्वितीय दिवस में शैक्षिक भ्रमण दल जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बागेश्वर पहुँचा। यहाँ संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, नवाचारों एवं शैक्षिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। द्वितीय शनिवार का अवकाश होने के बावजूद संस्थान में समस्त संकाय सदस्य एवं डीएलएड प्रशिक्षु उपस्थित रहे, जो उनकी कार्यनिष्ठा एवं समर्पण को दर्शाता है। इस अवसर पर डायट बागेश्वर के प्राचार्य चक्षुपति अवस्थी भी उपस्थित रहे। इसके बाद भ्रमण दल अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज वज्यूला पहुँचा। विद्यालय में विकसित सशक्त पुस्तकालय, रेडक्रॉस के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों तथा छात्र-केंद्रित गतिविधियों का अवलोकन किया गया। विद्यालय प्रशासन द्वारा बताया गया कि वर्तमान में यह विद्यालय जनपद का सर्वाधिक छात्र संख्या वाला विद्यालय है। भ्रमण दल ने विद्यालय में विकसित शैक्षिक वातावरण एवं व्यवस्थाओं की सराहना की।
तत्पश्चात दल ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय पिंगलो तथा राजकीय जूनियर हाईस्कूल पिंगलो का अनुश्रवण किया। प्राथमिक विद्यालय पिंगलो के विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतियोगिताओं में लगातार चयन हो रहा है, जो विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है। वहीं जूनियर हाईस्कूल पिंगलो में विद्यार्थियों को नियमित शिक्षण के साथ-साथ बेसिक कंप्यूटर कोर्स सहित विभिन्न व्यावहारिक एवं तकनीकी गतिविधियों से भी जोड़ा जा रहा है।
भ्रमण से लौटने के बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली आकाश सारस्वत ने बताया कि भ्रमण दल के सभी सदस्यों को तीन दिवस के भीतर अपनी विस्तृत अनुश्रवण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इन रिपोर्टों के आधार पर बागेश्वर जनपद के विद्यालयों एवं संस्थानों में संचालित अभिनव प्रयोगों और सफल मॉडलों को संकलित कर जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। जिलाधिकारी की स्वीकृति एवं अनुमोदन के उपरांत इन नवाचारों को चरणबद्ध तरीके से जनपद चमोली के विद्यालयों में भी लागू करने का प्रयास किया जाएगा।
भ्रमण दल में दल प्रभारी वीरेंद्र सिंह कठैत, रविंद्र सिंह बर्त्वाल, बचन लाल जितेला, डॉ. कमलेश कुमार मिश्र, गोपाल प्रसाद कपरुवाण, डॉ. गजपाल रामराज, योगेंद्र सिंह बर्त्वाल, सुमन भट्ट, मनोज धपवाल, रमेश चंद्र सहित जनपद के उत्कृष्ट शिक्षक श्रीमती सुमन रानी, प्राची खत्री, निधि भंडारी, किरण पुरोहित, बलवीर बधानी एवं शशिकांत प्रभा आदि उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त डीएलएड प्रथम सेमेस्टर के प्रशिक्षु नीरज, निशा, अदिति, आकांक्षा, देवेंद्र, अंशुमा, अभिषेक, माया, रविंद्र, सिद्धार्थ, शुभम एवं राहुल तथा द्वितीय सेमेस्टर के प्रशिक्षु पंकज सुबोध, हिमांशु, हेमंत, लोकेश, जयदीप, मनीष, आयशा, भावना, संजना, अंशिका एवं विपिन सहित कुल 44 सदस्य इस दो दिवसीय शैक्षिक अनुश्रवण कार्यक्रम में सम्मिलित रहे।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *